फिल्म ‘लुटेरा’ की पूरी यूनिट के साथ निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी व फिल्म की नायिका सोनाक्षी सिन्हा पिछले दिनों डलहौजी की बर्फबारी के बीच फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार इस फिल्म की शूटिंग के लिए डलहौजी में बनाया गया फिल्म का सेट भीषण बर्फबारी के चलते तहस-नहस हो चुका है और अब शूटिंग से पहले इस सेट को फिर से बनाया जाएगा। इसके लिए अब पूरी यूनिट को दिन-रात मेहनत करनी पड़ेगी।
उधर, फिल्म के हीरो रणवीर सिंह को भी बर्फबारी की वजह से जम्मू एयरपोर्ट पर ही डेरा जमाना पड़ा, क्योंकि जम्मू से डलहौजी जाने के सारे रास्ते बर्फबारी के चलते बंद हैं। जम्मू से डलहौजी के हाईवे पर चार फीट ऊंची बर्फ फैली हुई है। अब जब तक बर्फबारी खत्म नहीं हो जाती और रास्ते खुल नहीं जाते, तब तक रणवीर सिंह जम्मू से डलहौजी नहीं जा सकते, जबकि फिल्म ‘लुटेरा’ की सारी यूनिट डलहौजी की बर्फबारी के बीच फंसी हुई है। उधर सोनाक्षी सिन्हा पिछले दिनों डलहौजी में हुई बर्फबारी के बाद से परेशान हैं।
इस बीच फिल्म के निर्देशक विक्रमादित्य मोटावने, कैमरामैन महेन्द्र शेट्टी, आर्ट डायरेक्टर आदित्य कंवर इस बीच डलहौजी से तीन किलोमीटर दूर गवर में नया सेट खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। बर्फबारी के चलते इन सभी को पीने के पानी की समस्या तक से जूझना पड़ रहा है।
1950 की पृष्ठभूमि वाली क्लासिक प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म ‘लुटेरा’ का निर्माण बालाजी टेलीफिल्म्स और फैंटम प्रोडक्शन मिलकर कर रहा है। बताया जाता है कि फिल्म ईद के मौके पर 26 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है।


