ओप्रा विनफ्रे: अपने दम पर जीता जहां

Hits: 30 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

won on their ownपिछले दिनों इंडिया आई ओप्रा विनफ्रे की गिनती आज दुनिया की टॉप सिलेब्रिटीज में होती है। बेहद गरीबी में बचपन बिताने वाली ओप्रा ने यह मुकाम अपनी मेहनत के दम पर हासिल किया है।

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में हिस्सा लेने इंडिया आईं सिलेब्रिटी होस्ट ओप्रा विनफ्रे के दीवानों में कॉमन मैन से लेकर सिलेब्रिटीज तक हर कोई शामिल था। लेकिन अगर आप सोच रहे हैं कि अमेरिका के सबसे अमीर लोगों में से एक मानी जाने वाली ओप्रा हमेशा से इतनी अमीर और पावरफुल थीं, तो यह गलत है। ओपरा की सबसे बड़ी खूबी यही है कि बेहद गरीब फैमिली में पैदा होने के बाद भी वह अपने दम पर इस मुकाम पर पहुंचीं।

गरीबी में बीता बचपन

बहुत कम लोग जानते हैं कि ओपरा एक सिंगल मदर की बेटी हैं। बेहद गरीबी के दिनों में बचपन बिताने के अलावा उन्हें शोषण का भी शिकार होना पड़ा। ओप्रा ने खुद अपने शो में बताया था कि सिर्फ 9 साल की उम्र में उनके कुछ फैमिली मेंबर्स ने उनका रेप किया। कई साल तक सेक्शुअल हरासमेंट सहने के बाद वह 13 साल की उम्र में घर से भाग गईं। ऐसे ही सेक्शुअल हरासमेंट के चलते महज 14 साल की उम्र में वह प्रेगनेंट हो गईं। हालांकि उनका बेटा जन्म के कुछ टाइम बाद ही मर गया।

नहीं हारी हिम्मत

जाहिर है, इतनी परेशानियों भरा बचपन बिताने वाली ओप्रा ने उस वक्त सोचा भी नहीं होगा कि एक दिन वह दुनिया की पावरफुल सिलेब्रिटीज में से एक होंगी। बेटे की मौत के बाद ओपरा ने हिम्मत नहीं हारी और स्कूल की पढ़ाई शुरू कर दी। उन्होंने न सिर्फ 17 साल की उम्र में एक ब्यूटी पीजेंट जीता, बल्कि एक लोकल इवनिंग न्यूज चैनल में ऐंकरिंग भी शुरू कर दी। अपने बोलने के खास अंदाज ने ओप्रा को बहुत जल्दी फेमस कर दिया। यह ओप्रा का ही कमाल था कि शिकागो का थर्ड लेवल का लोकल टॉक शो नंबर वन टॉक शो बन गया।

दुनिया ने देखा जलवा

इसके बाद ओप्रा ने मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने न सिर्फ अपनी प्रॉडक्शन कंपनी खोली, बल्कि पूरी दुनिया में अपना जलवा दिखाया। 1986 में उन्होंने पहली बार नैशनल टीवी पर 'द ओप्रा विनफ्रे शो' होस्ट किया। इस शो ने उन्हें सिलेब्रिटीज की लिस्ट में शामिल कर दिया। कुछ टाइम तक वह दुनिया की अकेली ब्लैक बिलियनेयर रह चुकी हैं। दुनिया के तमाम टॉप सिलेब्रिटीज का इंटरव्यू कर चुकीं ओप्रा की पॉप्युलैरिटी का आलम यह है कि हरेक सिलेब्रिटी उनके शो में आना चाहता है।

मल्टि टैलेंटेड पर्सनैलिटी

हॉलिवुड की कई फिल्मों में काम कर चुकीं ओप्रा कई फिल्में बना भी चुकी हैं। मल्टी टैलेंटेड ओपरा ने न सिर्फ पांच किताबें लिखी हैं, बल्कि उन्होंने कई हिट मैगजीन भी निकाली हैं। उनकी 'ओ' मैगजीन को रीडर्स का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला। इसके अलावा, ओप्रा रेडियो पर भी काफी पॉप्युलर हैं। उनके रेडियो शोज को काफी पसंद किया जाता है। वहीं साइबर वर्ल्ड में भी ओप्रा का जादू जबर्दस्त है। ओप्रा की वेबसाइट ओप्रा डॉट कॉम वर्चुअल वर्ल्ड में काफी पॉप्युलर है।