कैदियों के लिए पसीजा सलमान का दिल

Hits: 42 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Salman's heart for prisonersअपनी दरियादिली के लिए जाने जाने वाले अभिनेता सलमान खान ने एक बार फिर एक नेक पहल की है| सजा पूरी करने के बाद, गरीबी या अन्य कारणों से जुर्माना न दे पाने की वजह से जेल से छूट न पाए करीब चार सौ कैदियों की मदद के लिए वह आगे आए हैं। उनकी स्वयं सेवी संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’ ने जेल अधिकारियों को पत्र लिख कर कैदियों का जुर्माना भरने की पेशकश की है ताकि ये कैदी जेल से आजाद हो सकें।

जेल विभाग के अधिकारियों ने सलमान खान की स्वयं सेवी संस्था के प्रस्ताव को विचार के लिए विधि विभाग के पास भेजा है। अगर विधि विभाग इसकी अनुमति दे देता है तो शासन से इस बारे में अनापत्ति पत्र मांगा जायेगा। इस पत्र के मिलने पर, सलमान की संस्था को सूचित किया जाएगा। वहां से करीब 40 लाख रूपये की धनराशि जमा कराए जाने के बाद उन करीब 400 कैदियों को रिहा कर दिया जाएगा जो जुर्माना न अदा कर पाने के कारण जेल में बंद हैं।

उत्तर प्रदेश के आई जी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदेश की 63 जेलों में इस समय करीब 400 ऐसे कैदी बंद हैं जो अपनी सजा काट चुके हैं लेकिन गरीबी या किसी अन्य कारण से अपना जुर्माना नहीं भर पाने की वजह से वह अब तक जेल से रिहा नहीं हो पाए हैं।किसी आपराधिक मामले में जब किसी कैदी को सजा होती है तो अक्सर सजा के साथ उस पर जुर्माना भी लगाया जाता है। जुर्माना अदा न करने पर उसे अतिरिक्त सजा काटनी पड़ती है।

जब कानपुर जेल में जुर्माना न अदा कर पाने के कारण बंद कैदियों को यह बात मालूम हुई तो वह यह सोच कर खुश हो गए कि कोई उनकी सुध तो ले रहा है।