अभिनेता ऋतिक रोशन और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मुख्य भूमिका वाली ‘अग्निपथ’ फिल्म कॉपी राइट्स कानून के उल्लंघन के विवाद में फंस गई है। नागपुर जिला सत्र न्यायालय ने इस फिल्म के एक गाने ‘तेरी मेरी कहानी अधूरी..’ के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जज पी.वी. गनेडीवाला ने आदित्य सालनकर की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह रोक लगाई है। दरअसल सालनकर ने जिला सत्र न्यायालय में याचिका दाखिल कर ‘तेरी मेरी कहानी अधूरी..’ इस गाने का कॉपीराइट्स खुद के पास होने का दावा किया था।
इसके अलावा ‘अग्निपथ’ फिल्म के निर्माता पर उन्होंने गाना चुराने का भी आरोप लगाया था। अदालत ने सालनकर द्वारा दिये गये दस्तावेजों और सूबतों की जांच परख करने के बाद आरोप सही पाये जाने पर फिल्म के निर्माता पर ‘तेरी मेरी कहानी अधूरी..’ इस गाने को हटा कर फिल्म का प्रदर्शन करने का आदेश दिया है।
माना जा रहा है कि फिल्म ‘अग्निपथ’ के कॉपी राइट्स कानून के उल्लंघन में फंसने के कारण उसकी रिलीज तारीख 26 जनवरी में बदलाव किया जा सकता है।
इसके साथ बॉलीवुड में यह भी चर्चा का फिल्म के निर्माता याचिकाकर्ता को कॉपीराइट्स उल्लंघन का 15 लाख रुपये और 2 लाख रुपया नुकसानभरपाई का देकर विवाद को सुलझाने वाले हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में अधिकृत रूप से कुछ भी नहीं कहा गया है।


