सैफ के घूंसे की धमक अब सभी जगह सुनाई दे रही है। बुधवार को ताज होटल में सैफ ने एक एनआरआई व्यवसाई की घूंसा मारकर उसकी नाक तोड़ दी थी।
दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले इकबाल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को सैफ और उनके दोस्तों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सैफ को बाद में थाने से तीन हजार के निजी मुचलके पर जमानत मिल गई। लेकिन, वह इकबाल से सुलह करने में नाकाम रहे।
इकबाल ने कहा है कि अब माफी मांगने का समय नहीं है। यदि माफी मांगनी थी तो उसी वक्त मांगता, लेकिन अब इस मामले का फैसला अदालत में होगा। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात सैफ और करीना कपूर अपने कुछ दोस्तों के साथ दक्षिण मुंबई स्थित होटल ताज पैलेस के व्यवसाई रेस्तरां में खाना खाने गए थे। वहां सैफ की इकबाल शर्मा से कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।
इस मारपीट में इकबाल की नाक की हड्डी टूट गई। इकबाल ने बुधवार सुबह कुलाबा पुलिस थाने में सैफ और उनके दो दोस्तों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करवाई। देर शाम पुलिस सैफ को उनके वकील के नरीमन प्वाइंट स्थित दफ्तर से गिरफ्तार कर कुलाबा थाने ले आई। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।
इस झगड़े के वक्त सैफ और करीना के साथ अभिनेत्री अमृता अरोड़ा, उनके पति शकील, मलाइका अरोड़ा खान समेत दस लोग मौजूद थे। इकबाल भी अपने परिवार के साथ खाना खाने ताज होटल गए थे। उनसे कुछ ही दूरी पर बैठा सैफ और उनके मित्रों का दल बहुत जोर-जोर से बातें कर रहा था। इससे तंग आकर इकबाल ने सैफ से धीरे बोलने का आग्रह किया।
जवाब में सैफ ने इकबाल को होटल के बजाय किसी लाइब्रेरी में जाने की सलाह दे डाली। इससे दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। रेस्तरां के वेटरों और सुरक्षा गार्डो ने सैफ और इकबाल को अलग कराया, लेकिन तब तक इकबाल को गहरी चोट आ चुकी थी।
सैफ पर इससे पहले भी वर्ष 2008 में पटियाला में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान मारपीट का मुकदमा दर्ज हो चुका है। तब उन्होंने एक फोटोग्राफर को पीट दिया था। बाद में उन्होंने फोटोग्राफर से माफी मांगकर मामले को रफा-दफा करवाया था। सैफ और करीना की फिल्म 'एजेंट विनोद' अगले महीने रिलीज हो रही है।


