करीना को डिनर पर ले गए सैफ ने बिजनेसमैन की नाक तोड़ी!

Hits: 53 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

saifमुंबई। अभिनेता सैफ अली खान अपनी बहुचर्चित फिल्म एजेंट विनोद की रिलीज से ठीक पहले मारपीट के एक मामले में फंस गए हैं। उनपर आरोप है कि मुंबई के ताज होटल में उन्होंने एक व्यापारी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब पुलिस उनकी तलाश कर रही है। इस सिलसिले में पुलिस उनके घर भी गई लेकिन सैफ वहां नहीं मिले।

बताया जा रहा है कि बीती रात मुंबई के होटल ताज के अंदर वसावी जैपनिज रेस्त्रां में सैफ, करीना और मलाइका अरोड़ा खान अपने कुछ दोस्तों के साथ डिनर पर गए थे। उनकी पास के टेबल पर इकबाल शर्मा नाम का शख्स अपने परिवार के साथ खाना खा रहा था। आरोप है कि सैफ और करीना अपनी टेबल पर बैठकर शोर मचा रहे थे। शोर बढ़ता देखकर इकबाल अपनी टेबल से उठकर सैफ की टेबल के पास पहुंचे और उन लोगों से शांत रहने को कहा।

इकबाल शर्मा की इस बात पर सैफ अली खान ने चुटकी ली और कहा कि अगर शांति चाहिए तो लाइब्रेरी में जाकर बैठ जाइए। इसी बात पर दोनों के बीच झड़प हो गई और मारपीट भी हुई। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान इकबाल को गंभीर चोट आई और उसकी नाक की हड्डी टूट गई। मारपीट के बाद इकबाल कोलाबा थाने जा पहुंचे और सैफ और उनके दो दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। सैफ के खिलाफ धारा 325 के तहत मामला दर्ज करवाया गया है।

कोलाबा जोन के एसीपी इकबाल शेख ने कहा कि व्यापारी इकबाल शर्मा भारतीय मूल का दक्षिण अफ्रीकी है और यहां आता रहता है। वो अपनी पत्नी, माता-पिता और दोस्त के साथ था। पुलिस के पास रात साढ़े 12 बजे ये शिकायत आई। घटना के वक्त करीना कपूर भी मौके पर ही मौजूद थी। इस मामले में शराब पीकर झगड़े की बात सामने नहीं आई है। सैफ को तलब किया जा रहा है। घटना के वक्त जो लोग भी वहां मौजूद थे उनके बयान लिए जाएंगे।