पांचवें चरण का मतदान गुरुवार को, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Hits: 110 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Fifth phase of polling on Thursday, stringent security measuresदेश के सर्वाधिक जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान 23 फरवरी (गुरुवार) को होगा। इस चरण में 13 जिलों की 49 सीटों के लिए कुल 829 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 1.56 करोड़ मतदाता करेंगे।

पांचवें चरण में जिन 13 जिलों में मतदान होना है, उनमें एटा, कांशीराम नगर, कानपुर, रमाबाई नगर, महोबा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, औरैया, इटावा, ललितपुर, मैनपुरी और फिरोजाबाद शामिल हैं।

इस चरण के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम गया। प्रचार के आखिरी दिन बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने 50 से अधिक जनसभाएं कर अपनी पूरी ताकत झोंकी।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री मायावती, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी, सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) नेता जयंत चौधरी, भाजपा नेता उमा भारती और सुषमा स्वराज ने जनसभाओं को सम्बोधित किया।

फिरोजाबाद, औरैया, रमाबाई नगर और इटावा जहां सपा का गढ़ माना जाता है, वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में बुंदेलखण्ड के झांसी, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन और महोबा में बसपा का दबदबा रहा है।

इस चरण में उपेक्षा की त्रासदी क्षेल रहे बुंदेलखण्ड के कई जिलों तथा समाजवादी पार्टी (सपा) तथा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के गढ़ कहे जाने वाले इलाके में चुनाव होंगे। इस दौर के चुनाव में प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल सिंह यादव, भाजपा की तेजतर्रार नेता उमा भारती तथा राज्य के पूर्व मंत्री बादशाह सिंह समेत कई सियासी हस्तियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।

उन्होंने बताया कि इस चरण में कुल 87 महिलाओं तथा एक किन्नर समेत 829 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। इस चरण के मतदान के लिये 11745 मतदान केन्द्र तथा 17267 मतदान स्थल बनाये गये हैं जिन पर 18459 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) इस्तेमाल की जाएंगी।

राज्य की संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनीता मेश्राम ने बताया कि इस चरण के चुनाव में एक करोड़ 56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। पांचवें चरण के चुनाव में अर्से से उपेक्षा की त्रासदी क्षेल रहे बुंदेलखण्ड के जिलों जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर तथा महोबा में मतदान होगा। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के गढ़ मैनपुरी, इटावा, और फिरोजाबाद में भी इसी चरण में वोट पड़ेंगे।

इस चरण में राज्य विधानसभा में सपा और विपक्ष के नेता शिवपाल सिंह यादव के चुनावी भाग्य का फैसला होगा जो इटावा की जसवंतनगर सीट से मैदान में हैं। इसके अलावा प्रदेश में भाजपा को सत्ता में लाने की उम्मीदों का भार लिये पार्टी की तेजतर्रार नेता उमा भारती की लोकप्रियता की परीक्षा भी पांचवें चरण के चुनाव में होगी। पूर्व में मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं उमा की उत्तर प्रदेश के चुनाव मैदान में यह पहली पारी है।

भाजपा के पूर्व क्षत्रप और उसकी सरकार के मुख्यमंत्री रहे कल्याण सिंह की ताकत की परीक्षा भी पांचवें दौर के चुनाव में होगी। उनके संसदीय क्षेत्र और गढ़ कहे जाने वाले एटा में भी इसी चरण में चुनाव होना है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार कानपुर की कल्याणपुर सीट से जबकि राज्य सरकार के मंत्री जयवीर सिंह मैनपुरी की करहल सीट से बसपा के प्रत्याशी हैं। उनके क्षेत्र में भी पांचवें चरण में ही चुनाव होंगे।

बहुजन समाज पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य एटा की अलीगंज सीट से पार्टी की प्रत्याशी हैं जहां पांचवें चरण में चुनाव होने हैं। इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले के मामले में इस्तीफा देने वाले प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्र की पत्नी बसपा प्रत्याशी शिखा तिवारी की किस्मत का फैसला भी पांचवें चरण के चुनाव में होगा।

मैनपुरी की करहल सीट से सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की समधन उर्मिला यादव कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। वह सपा से टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस में चली गयीं। उनका सियासी भाग्य भी पांचवें चरण के चुनाव में तय होगा।