प्रफुल्ल पटेल के रिश्तेदारों के लिए बदला प्लेन

Hits: 89 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Praful Patel's plane back to relativesअरबों के घाटे के बावजूद एयर इंडिया अपने आका को खुश रखने के लिए कुछ भी कर गुजरने से गुरेज नहीं करती। सरकारी एयरलाइन ने सन् 2010 में तत्कालीन नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल के रिश्तेदारों को बिजनेस क्लास में जगह नहीं मिलने पर उनकी सेवा में बड़ा विमान लगा दिया था। 25 अप्रैल को बेंगलुरु से मालदीव जाने और 28 अप्रैल को वहां से लौटने के लिए की गई इस विशेष व्यवस्था की जानकारी सूचना के अधिकार (आरटीआई) याचिका के जरिए मिली है।

इसका ब्योरा एयर इंडिया की फाइल में भी दर्ज है। पहले दावा किया गया था कि बेंगलुरु से माले जाने वाली फ्लाइट संख्या आईसी-965 की बिजनेस क्लास की सारी सीटें भरी हुई थीं। पटेल की बेटी अवनी और उनके परिवार के सात लोगों को उसी दिन माले जाना था। उनके लिए बिजनेस क्लास में जगह नहीं बन पा रही थी। इसे देखते हुए एयर इंडिया ने उस दिन बड़ा विमान ए320 सेवा में लगा दिया। उसमें बिजनेस क्लास की 20 सीटें थीं।

केंद्रीय सूचना आयोग (सीआइसी) के निर्देश पर एयर इंडिया ने उस दिन के यात्रियों की सूची जारी की है। इससे पता चलता है कि 25 अप्रैल को बेंगलुरु से माले गए विमान आईसी-966 में देशपांडे परिवार भी था। यात्रियों में प्रफुल्ल पटेल की बेटी अवनी और दामाद प्रशांत देशपांडे के अलावा आर. वी. देशपांडे, राधा, प्रसाद, मेघना और मास्टर ध्रुव का नाम है।

फाइल पर लिखे नोट से पता चलता है कि मुंबई मुख्यालय से बेंगलुरु से माले की उड़ान का 25 अप्रैल को ' इक्विप्मेंट ' यानी उपकरण बदलने का निर्देश जारी किया गया था। छोटी एयरबस ए 319 की जगह बड़ी एयरबस ए 320 भेजने का निर्देश 28 अप्रैल को माले से बेंगलुरु लौटने के लिए भी जारी किया गया था।

एयर इंडिया सामान्यत : छोटे रूटों में एयरबस ए 319 लगाती है। इसमें 114 इकोनॉमी क्लास की और 8 बिजनेस क्लास की सीटें होती हैं। आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में कहा गया है कि 25 और 28 अप्रैल को अधिक मांग होने से दो तिथियों को विमान का चक्कर बदलकर इस क्लास की क्षमता बढ़ाई गई। इस विमान में कुल 180 सीटें थीं।