बुखारी ने की सपा को जिताने की अपील

Hits: 56 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Bukhari also appealed to the SP winदिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने शनिवार को कांग्रेस समेत तमाम दूसरी पार्टियों की आलोचना करते हुए मुसलमानों से उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के पक्ष में वोट देने की अपील की।

बुखारी ने सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की मौजूदगी में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यादव ने विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में आने पर मुसलमानों के भले के लिये बेहतर ढंग से काम करने का वादा किया है, लिहाजा सभी मुसलमानों को चुनाव में सपा के प्रत्याशियों को विजयी बनाना चाहिये।

उन्होंने बाकायदा एक अपील जारी करके कहा सपा प्रमुख ने मुझसे कई दौर की बातचीत में वादा किया है कि वह मुसलमानों की तरक्की और उन्हें इंसाफ दिलाएंगे लिहाजा मैं मुसलमानों और धर्मनिरपेक्ष सोच रखने वाले लोगों से अपील करता हूं कि वे उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सपा उम्मीदवारों को जिताएं।

गौरतलब है कि मुस्लिम वोटों को अपने साथ लाने की तमाम कोशिश कर रहे मुलायम सिंह यादव ने हाल में दिल्ली जाकर कई बार शाही इमाम से बातचीत की थी। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने इस मौके पर कहा मैं इमाम साहब और बाकी मुसलमानों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। मैं जो कहता हूं, उस पर अटल रहता हूं और आपको निराश नहीं करूंगा।

मैं आपकी अपेक्षाओं से ज्यादा काम करने की कोशिश करूंगा।उन्होंने कहा हम अभी तक के इम्तेहानों में पास होते रहे हैं, अब आप लोगों का सहयोग है तो उम्मीद है कि इस बार की परीक्षा में भी पास हो जाऊंगा। मौलाना बुखारी ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के जिम्मेदार माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को साथ लेने के सवाल पर कहा कि इंसान जब अपनी गलती पर शर्मिंदा हो जाए तो उसे माफ कर देना चाहिये।

मुलायम सिंह यादव ने कल्याण सिंह को साथ लेकर गलती की थी जिसकी उन्होंने माफी भी मांग ली है, लिहाजा हमें उन्हें माफ कर देना चाहिये।उन्होंने कहा अतीत में जाएं तो दूसरी पार्टियों ने भी मुसलमानों के प्रति अनेक गलतियां की हैं लेकिन उन्होंने कभी माफी नहीं मांगी।