ईरान द्वारा ब्रिटेन और फ्रांस को कच्चे तेल की सप्लाई रोकने की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। कच्चे तेल के दाम 105 डॉलर प्रति बैरल हो गया है। यह पिछले नौ माह में सबसे ज्यादा है।
इंडियन बास्केट में भी तेजी देखी जा रही है। आलम यह है कि कच्चे तेल की कीमत 118 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है। हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपया कुछ मजबूत हुआ है।
लेकिन कच्चे तेल के दाम बढ़ने से सार्वजानिक क्षेत्र की तेल कंपनियों को डीजल पर 11.30 रुपये, केरोसिन पर 28.77 रुपये प्रति लीटर और एलपीजी पर 378 रुपये प्रति सिलेंडर का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उधर, न्यूयॉर्क मर्केंटाइल एक्सचेंज में कच्चे तेल की कीमत 1.75 डॉलर बढ़कर 104.99 डॉलर प्रति बैरल रिकॉर्ड की गई। पिछले साल मई में दाम 105 डॉलर तक पहुंचे थे, बाद में कीमत घट गई थी।
इसी तरह, लंदन में ब्रेंट नॉर्थ क्रूड की कीमत 1.52 डॉलर प्रति बैरल बढ़ 121.10 डॉलर तक पहुंच गई है। जानकारों का मानना है कि ईरान संकट के चलते दाम और बढ़ सकते हैं।


