"पढ़ाई में कमजोर था तो अभिनेता बन गया"-नसीरुद्दीन शाह

Hits: 64 smaller text tool iconmedium text tool iconlarger text tool icon

Naseeruddin Shahमशहूर अभिनेता नसीरुद्दीन शाह अभिनेता इसलिए बने क्योंकि वो पढ़ाई में कमजोर थे। 

एक मुलाकात में नसीर कहते हैं, 'मैं पढ़ाई में बड़ा कमजोर था। बात-बात पर शिक्षकों से थप्पड़ खाता था। तो मैंने सोचा अभिनय के क्षेत्र में चला जाऊं। पढ़ाई से बचने का यही एकमात्र रास्ता है।'

नसीर कहते हैं कि जब उन्होंने ये फैसला किया तो उस वक्त उनकी उमर कोई 11-12 साल की रही होगी। उन्होंने ये भी बताया कि उनके पिता को उनके इस इरादे के बारे में बिलकुल नहीं मालूम था।

नसीर कहते हैं, 'जब मैंने कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर ली तो मेरे पिता ने कहा कि अब आगे क्या करना है, तो मैंने कहा कि मैं तो ऐक्टिंग ही करूंगा।'

नसीरुद्दीन शाह के पिता ने पहले तो उनके इस फैसले का विरोध किया, लेकिन बाद में उन्हें अपने सपने को पूरा करने की इजाजत दे दी। इसके बाद नसीर ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में दाखिला लिया।

नसीरुद्दीन शाह के मुताबिक शेखर कपूर निर्देशित फिल्म मासूम और गुलजार के टीवी सीरियल मिर्जा गालिब में काम करके उन्हें सबसे ज्यादा संतुष्टि मिली। इसके अलावा उन्हें इश्किया और अ वेडनसडे जैसी फिल्मों में काम करके भी अच्छा लगा।

अपने पसंदीदा अभिनेताओं की बात चलने पर नसीर कहते हैं कि शम्मी कपूर और दिलीप कुमार उन्हें खासे पसंद हैं।

वो कहते हैं, 'शम्मी कपूर को जब मैं देखता था तो मुझे लगता था कि इनके जैसा डांस इनके जैसा अभिनय तो मैं कर ही नहीं सकता। बल्कि दिलीप साहब के गरिमापूर्ण और भावुक अभिनय को देखर मुझे लगता था कि हां इनके जैसा तो मैं कर सकता हूं। लेकिन शम्मी जी जैसा काम करने की मैं सोच भी नहीं सकता था।'

हाल ही में नसीरुद्दीन शाह और विद्या बालन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' बॉक्स ऑफिस पर खासी कामयाब रही। 13 जनवरी को नसीर की फिल्म चालीस चौरासी रिलीज हो रही है, जिसमें उनके अलावा के के मेनन और रवि किशन की भी मुख्य भूमिका है।